एमपी में यूपी, बिहार के लोगों को रोकने के लिए कमलनाथ का कदमः पाँच बड़ी ख़बरें

इसी के साथ कमलनाथ ने एक नए तरह के नियम को मंज़ूरी दी. इस नियम के तहत राज्य के उद्योगों में 70 फ़ीसदी रोजगार मध्य प्रदेश के युवाओं को दिए जाएंगे.

यानी अब ऐसे उद्योगों को ही छूट दी जाएगी, जिनमें 70 फ़ीसदी रोज़गार मध्य प्रदेश के लोगों को दिया गया होगा.

शपथ लेने के बाद कमलनाथ ने कहा, ''हमारी छूट देने वाली नीति उन उद्योगों के लिए होगी, जहां 70 फ़ीसदी रोज़गार मध्य प्रदेश के युवाओं को दिया जाएगा.''

कमलनाथ के मुताबिक़, ''उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों से लोग मध्य प्रदेश आते हैं. लेकिन स्थानीय लोगों को नौकरी नहीं मिल पाती है. मैंने इसी से संबंधित फाइल को मंज़ूरी दे दी है.''

कमलनाथ ने कहा, ''इस कदम को हमने स्थानीय लोगों के लिए नौकरी के मौके को ध्यान में रखकर उठाया है.''

बता दें कि कमलनाथ का जन्म उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुआ था. अतीत में रोज़गार को लेकर ऐसी बातें शिवसेना और राज ठाकरे की मनसे करती रही है.

आज भारत लौटेंगे पाक से रिहा हुए हामिद अंसारी
भारत सरकार के मुताबिक़, पिछले छह साल पाकिस्तान की जेल में बंद रहे मुंबई के हामिद अंसारी आज यानी मंगलवार को देश लौटेंगे.

अंसारी को गैर-क़ानूनी तरीके से पाकिस्तान में घुसने के आरोप में पकड़ा गया था.

सोमवार को पाकिस्तान ने कहा था कि सज़ा पूरी होने पर हामिद अंसारी को रिहा किया जा रहा है.

डोकलाम पर संसदीय समिति की रिपोर्ट
भारत और चीन के बीच हुए डोकलाम गतिरोध को लेकर संसदीय समिति ने अपनी रिपोर्ट जारी की है.

इस रिपोर्ट के मुताबिक़, चीन के साथ डोकलाम गतिरोध को समाप्त करने के लिए 13 राउंड की कूटनीतिक बातचीत हुई थी. इसके बाद ही दोनों देशों के बीच गतिरोध समाप्त हो सका था.

विदेश मंत्रालय की संसदीय समिति की इस रिपोर्ट में चीन के इस अतिक्रमण को एक जबरदस्त लेकिन असफल प्रयास कहा गया है.

समिति इस इलाके में चीन सेना के बुनियादी ढाँचे के अब भी बने रहने पर चिंता जताई है.

पिछले साल सिक्किम, भूटान और चीन के त्रिकोण पर स्थित डोकलाम पठार पर चीनी सेना के निर्माण कार्य के चलते चीन और भारत के बीच टकराव पैदा हो गया था. ये गतिरोध 70 से ज़्यादा दिनों तक चला था.

Comments

Popular Posts