क्या राहुल-प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी से मानी ‘हार’? वायरल वीडियो का सच

दक्षिणपंथी रुझान वाले फ़ेसबुक ग्रुप्स में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी का एक पुराना वीडियो कई बार शेयर किया गया है जिसके साथ दावा किया जा रहा है कि 'दोनों नेता पीएम नरेंद्र मोदी का लोहा मानते हैं और एक समय में उनकी तारीफ़ कर चुके हैं.'

कुछ ग्रुप्स में इस वायरल वीडियो के साथ ये दावा भी किया गया है कि 'प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी चुनाव से पहले ही हथियार डाल चुके हैं'. इसी दावे के साथ यह वीडियो व्हॉट्सऐप पर सर्कुलेट किया जा रहा है.

वायरल वीडियो के पहले भाग में प्रियंका गांधी को ये कहते हुए सुना जा सकता है, "मैं चाहती हूँ कि इस चुनाव में आप अपना वोटअपने देश को दें, सोनिया जी को मत दीजिए. अपने बच्चों के भविष्य को दीजिए, अपने देश को दीजिए."

जबकि वीडियो के दूसरे भाग में राहुल गांधी कहते हैं, "हिंदुस्तान के वासियों आपका भविष्य नरेंद्र मोदी जी के हाथ में है. सिर्फ़ मोदी जी के हाथ में, और किसी के हाथ में नहीं. अगर आप सुनहरा भविष्य चाहते हो तो अपना वर्तमान समय नरेंद्र मोदी को दो. अपना आज नरेंद्र मोदी को दो, नरेंद्र मोदी आपको अपना कल देगा."

ये वायरल वीडियो अब तक सैकड़ों बार सोशल मीडिया पर शेयर किया जा चुका है और व्हॉट्सऐप पर सर्कुलेट हो रहा है.

लेकिन अपनी पड़ताल में हमने पाया कि दोनों नेताओं के भाषण के साथ छेड़छाड़ की गई है और उनके भाषण का सिर्फ़ एक हिस्सा निकालकर, उसका संदर्भ बदलकर वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है.

प्रियंका गांधी का भाषण
अपनी पड़ताल में हमने पाया कि प्रियंका गांधी के साल 2014 में दिए भाषण का एक हिस्सा वायरल वीडियो में इस्तेमाल किया गया है.

कांग्रेस के यू-ट्यूब पेज पर प्रियंका गांधी के क़रीब 6 मिनट लंबे भाषण का ये वीडियो 22 अप्रैल 2014 को पोस्ट किया गया था.

कांग्रेस के अनुसार साल 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पार्टी के प्रचार के लिए गई थीं.

रायबरेली में दिए भाषण में प्रियंका गांधी ने तात्कालिक भारतीय राजनीति, देश की पुरानी पहचान, इंदिरा गांधी के राजनैतिक स्टाइल और भारतीय समाज की उदारता की बात की थी.

अपने इस भाषण में प्रियंका गांधी ने कहा था, "मैं आपसे उम्मीद करती हूँ कि आप सोनिया जी का समर्थन करेंगे. मुझे इसमें कोई शक़ नहीं है. ये इसलिए नहीं है कि हमारा पुराना रिश्ता है. लेकिन मैं चाहती हूँ कि इस चुनाव में आप अपना वोट अपने देश को दें, सोनिया जी को मत दीजिए. अपने बच्चों के भविष्य को दीजिए, अपने देश को दीजिए. उन्हें वोट दें जो आपके बच्चों के लिए रोज़गार का बंदोबस्त करे, विकास करे. धर्म-जाति के आधार पर आपको लड़वाए नहीं."

11 फ़रवरी 2019 को लखनऊ में हुए रोड शो के साथ प्रियंका गांधी की भारतीय राजनीति में औपचारिक रूप से एंट्री हो चुकी है. उन्हें पार्टी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार व रणनीति बनाने की ज़िम्मेदारी सौंपी है.

प्रियंका गांधी अपनी राजनीतिक पारी की घोषणा होने के बाद से ही चर्चा के केंद्र में हैं और दक्षिणपंथी विचार रखने वाले लोगों के निशाने पर भी.

फ़ेसबुक और ट्विटर पर उनके ख़िलाफ़ दुष्प्रचार की कोशिशें लगातार की जा रही हैं. हाल ही में उनका एक पुराना वीडियो शेयर किया गया था जिसके हवाले से लोग उनके शराब के नशे में धुत होने का दावा कर रहे थे.

फ़ेसबुक और ट्विटर पर उनके ख़िलाफ़ दुष्प्रचार की कोशिशें लगातार की जा रही हैं. हाल ही में उनका एक पुराना वीडियो शेयर किया गया था जिसके हवाले से लोग उनके शराब के नशे में धुत होने का दावा कर रहे थे.

Comments